राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

सागर जिले में अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंटों के त्वरित निष्पादन तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में 18 और 19 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि जिलेभर में एकीकृत कॉम्बिंग गश्त (Integrated Combing Operation) चलाया गया।

यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षकों (सीएसपी) एवं समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों (एसडीओपी) के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में जिले के सभी 32 थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में फरार अपराधियों, स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटियों, निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा तत्वों तथा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने अपराधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। अभियान में 10 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया, जिसे सागर पुलिस की सुनियोजित कार्रवाई की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस ने 78 स्थायी वारंट, 49 गिरफ्तारी वारंट तथा 29 जमानती वारंट तामील किए। इसके अलावा धारा 170 बीएनएसएस के तहत 12 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
एकीकृत कॉम्बिंग गश्त में जिले के लगभग 500 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। इस दौरान 86 गुंडा एवं हिस्ट्रीशीटर बदमाशों का सत्यापन और सघन चेकिंग की गई। अभियान के अंतर्गत जिलेभर में कुल 270 वैधानिक कार्रवाइयां की गईं।
रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस ने संवेदनशील क्षेत्रों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल-ढाबों, सार्वजनिक स्थलों तथा अपराध संभावित स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की गई तथा निगरानीशुदा बदमाशों को कानून का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। इस व्यापक कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप की स्थिति रही, वहीं आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल मजबूत हुआ।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने कहा कि सागर पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर लगातार काम कर रही है। फरार अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सके।
