हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:
भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी जनपद एवं ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग तथा जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जाइका) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जनपद सोनभद्र स्थित विश्व प्रसिद्ध सलखन फॉसिल्स पार्क का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने करोड़ों वर्ष पुराने जीवाश्मों की अद्भुत संरचनाओं का अवलोकन करते हुए इसकी ऐतिहासिक एवं भूवैज्ञानिक महत्ता की सराहना की।
भ्रमण के दौरान इतिहासकार दीपक कुमार केसरवानी ने प्रतिनिधिमंडल को पार्क के इतिहास से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त 2002 को तत्कालीन जिलाधिकारी भगवान शंकर द्वारा विंध्य संस्कृति शोध समिति, उत्तर प्रदेश ट्रस्ट के सहयोग से सोनभद्र की भूतात्विक, पुरातात्विक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक धरोहरों पर आधारित पहली भव्य चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया था। इस पहल ने सलखन फॉसिल्स पार्क को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
फॉसिल्स पार्क के विकास एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए सहायक पर्यटन अधिकारी राजेश भारती ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन इस अनमोल जीवाश्म पार्क को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों को स्थानीय रोजगार और ग्रामीणों की आजीविका से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय धरोहर का लाभ क्षेत्र के युवाओं को भी मिल सके।
इस अवसर पर जाइका की ओर से सुश्री युमिको ओनिशी, सुश्री अयुमी मियागावा, सुश्री हितोमी हमदा, श्री बिनाय पटनायक एवं श्री मोहित सूद, जबकि नीति आयोग की ओर से श्री गौरव कुमार मिश्रा तथा समाजसेवी विवेक त्रिपाठी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल के स्वागत अवसर पर गुप्तकाशी सेवा ट्रस्ट के संस्थापक रवि प्रकाश चौबे ने सोनभद्र के धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक स्थलों की विशेषताओं पर आधारित एक विशेष प्रकाशित फोल्डर प्रतिनिधियों को भेंट किया, ताकि जनपद की समृद्ध विरासत का संदेश वैश्विक स्तर तक पहुंच सके।
