मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

यवतमाल शहर के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी एडवोकेट प्रवीण अशोकराव हर्षे को अमेरिका की मेरी लैंड स्टेट्स यूनिवर्सिटी द्वारा “डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी इन सोशल जस्टिस एंड पब्लिक वेलफेयर” विषय में मानद डॉक्टरेट (आचार्य) उपाधि से सम्मानित किया गया है।
यह प्रतिष्ठित सम्मान हाल ही में थाईलैंड के बैंकॉक में आयोजित दीक्षांत समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में पद्मश्री एवं खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित पहलवान साक्षी मलिक मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उनके हाथों एडवोकेट हर्षे ने यह उपाधि ग्रहण की।
एडवोकेट प्रवीण हर्षे वकालत के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वे सोनार सेवा संघ, यवतमाल के जिलाध्यक्ष तथा रोटरी क्लब ऑफ यवतमाल के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
अपनी इस उपलब्धि का श्रेय उन्होंने अपने आध्यात्मिक गुरु सुमननाथ माऊली, माता कांता हर्षे, पत्नी अपर्णा हर्षे, पुत्रियों मधुरा एवं ज्ञाप्ती सहित परिवारजनों और शुभचिंतकों को दिया है।
एडवोकेट प्रवीण हर्षे को मानद डॉक्टरेट (आचार्य) उपाधि मिलने पर जिले सहित विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं विधि क्षेत्रों के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।
