अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:
मथुरा-वृंदावन नगर निगम के नवागत नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर आयुक्त ने मुख्यमंत्री को ठाकुर बांके बिहारी जी का प्रसाद भेंट किया।
मुख्यमंत्री ने आगामी सावन मास और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मथुरा-वृंदावन में आने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की सभी प्रशासनिक एवं जनसुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने पूरे नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित ब्रज की छवि दिखाई देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री के निर्देशों पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने उन्हें आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी पखवाड़े के भीतर मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता और सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार धरातल पर दिखाई देगा तथा इसकी सकारात्मक चर्चा होगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए वह स्वयं प्रतिदिन ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी गई है तथा विकास कार्यों में तेजी लाने की कार्ययोजना भी तैयार कर ली गई है।
