मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश शासन के नशा मुक्ति जागरूकता अभियान “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” का जिले में बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग एवं उसके दुष्परिणामों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करना है।
पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना के निर्देशन, पुलिस महानिरीक्षक इंदौर जोन (ग्रामीण) श्री अनुराग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक निमाड़ रेंज खरगोन सुश्री सिमाला प्रसाद के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के नेतृत्व में जिलेभर में 15 दिवसीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित ड्रग अवेयरनेस मैराथन को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन कमल तिराहा से प्रारंभ होकर गांधी चौक, सुभाष चौक, मंडी चौक, जय स्तंभ, शिवकुमार प्रतिमा और सिटी मॉल होते हुए पुनः कमल चौक पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने “नशे से दूरी है ज़रूरी”, “स्वस्थ युवा–समृद्ध भारत” और “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने कहा कि “‘नशे से दूरी है ज़रूरी’ अभियान का आधार जागरूकता है। जो व्यक्ति नशे से दूर रहता है, वह अनुशासित जीवन जीता है और समाज में सम्मान प्राप्त करता है।” वहीं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने कहा कि “नशे के विरुद्ध जागरूकता ही सबसे प्रभावी हथियार है। आइए, मिलकर समाज को नशामुक्त बनाएं।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं नागरिकों ने सिग्नेचर बोर्ड पर हस्ताक्षर कर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। साथ ही ड्रग अवेयरनेस मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना कोतवाली द्वारा शासकीय उत्कृष्ट सुभाष हाई सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। थाना शिकारपुरा ने रियाज पहलवान के होटल के पास लोगों को जागरूक कर पंपलेट वितरित किए। थाना लालबाग ने सागर टावर एवं रेलवे स्टेशन परिसर में जनजागरूकता अभियान चलाया। थाना गणपतिनाका ने औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों एवं नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। थाना नेपानगर ने सिटीजन हाई सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को जागरूक किया, जबकि थाना निंबोला ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी।
इसी प्रकार थाना शाहपुर ने ग्राम भावसा के हाट बाजार में ग्रामीणों को जागरूक कर नशामुक्ति की शपथ दिलाई। चौकी धूलकोट ने कन्या शाला धूलकोट तथा चौकी डेडतलाई ने मॉडल स्कूल में छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर शपथ दिलाई और जागरूकता पंपलेट वितरित किए।
जिलेभर में चलाए जा रहे इस अभियान के माध्यम से बुरहानपुर पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का कार्य करेगी।
