मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

तामिया जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) की कार्यशैली को लेकर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों में असंतोष सामने आया है। जनपद पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जुन्नारदेव को ज्ञापन सौंपकर CEO की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताई और उनके विरुद्ध उचित कार्रवाई करते हुए पद से हटाने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि CEO जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित नहीं कर रही हैं। साथ ही, अध्यक्ष की सहमति के बिना निर्णय लिए जा रहे हैं तथा बैठकों और प्रशासनिक कार्यों में निर्वाचित प्रतिनिधियों की उपेक्षा की जा रही है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इससे जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि 16 जुलाई 2026 को दोपहर 2 बजे से जनपद पंचायत कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। इसकी सूचना प्रशासन को भी दे दी गई है।
ज्ञापन पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सहित कई जनपद सदस्यों के हस्ताक्षर हैं, जिससे यह मामला जनप्रतिनिधियों के सामूहिक विरोध के रूप में सामने आया है।
प्रशासनिक पक्ष:
इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
