पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक धार श्री सचिन शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिला पुलिस धार द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम, धार में किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को “नशे से दूरी है ज़रूरी” की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेड़ा एवं एनसीसी कैडेट्स ने चलित जन-जागरूकता प्रचार वाहन और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली पीजी कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई, जिसमें युवाओं एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।
अभियान के तहत जिले के शैक्षणिक संस्थानों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सेल्फी प्वाइंट, हस्ताक्षर अभियान, पोस्टर, बैनर, पंपलेट और जन-जागरूकता तख्तियों के माध्यम से व्यापक जागरूकता फैलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति केंद्र, ब्रह्माकुमारी संस्थान, गायत्री परिवार, सामाजिक न्याय विभाग, जिला चिकित्सालय सहित विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नशे की लत छोड़कर नया जीवन शुरू करने वाले लोगों के अनुभव भी साझा किए जाएंगे। साथ ही नुक्कड़ नाटक, कविता, गीत, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं, विद्यालयों में बौद्धिक सत्र, सोशल मीडिया अभियान, सिनेमा घरों एवं शहर की एलईडी स्क्रीन पर पुलिस अधीक्षक की अपील का प्रसारण तथा आकाशवाणी के माध्यम से भी जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। अभियान के दौरान नागरिकों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डे, एसडीएम श्रीमती अंकिता प्रजापत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विजय डावर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती पारूल बेलापुरकर सहित प्रशासन, पुलिस विभाग, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड एवं पीजी कॉलेज धार के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
संकल्प:
“नशे से दूरी है ज़रूरी, स्वस्थ युवा ही राष्ट्र की मजबूती।”
