पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:
12-13 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि ग्राम खजूरिया क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने विद्युत खंभों से चालू विद्युत लाइन के कंडक्टर तार काटकर चोरी कर लिए। इस संबंध में लाइनमैन जोरावर सिंह पिता ऊमराव सिंह सोलंकी (61 वर्ष), निवासी ग्राम खण्डीगारा की रिपोर्ट पर थाना कानवन में अपराध क्रमांक 243/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार बारिया ने पुलिस टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राहुल पिता सुरेश सोलंकी एवं लालु पिता सुखलाल गिरवाल को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिकअप बोलेरो वाहन (क्रमांक MP 09 DU 2962) तथा चोरी किए गए विद्युत कंडक्टर तार के दो बड़े बंडल और एक छोटा टुकड़ा बरामद किया गया। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
