रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मुस्लिम पंच थांदला द्वारा नूरी गार्डन में कैरियर गाइडेंस एवं हौसला अफजाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुस्लिम समाज के मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, उनकी मेहनत को सराहना और समाज में शैक्षणिक माहौल को मजबूत बनाना रहा।
कार्यक्रम के तहत कक्षा 5वीं से 12वीं तक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा कक्षा 6वीं, 7वीं, 9वीं एवं 11वीं की स्थानीय परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिन्ह व उपहार भेंट किए गए। कक्षा 8वीं की छात्रा जरीन इमरान खान सहित दर्जनों बच्चों को इस अवसर पर सम्मान मिला।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं समाजजन उपस्थित रहे। मुस्लिम पंच के सदर हसमतुल्लाह खान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और संकल्प का परिणाम है। साथ ही उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
समाजजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाते हैं। इस अवसर पर नायब सदर मेरज़मान पठान, हाजी अब्दुल सलाम खान, फरजमान पठान, हाजी मोहम्मद अकबर खान, सरफराज भारती, नियाज़-उल-हक, रियाज़-उल-हक, रिज़वान निज़ामी, जमील अहमद खान, रज्जाक खान, इमरान खान, जावेद खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
