रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
थांदला के खजूरी स्थित आस्था के केंद्र प्रसिद्ध बीड़ धाम मंदिर में रविवार को आर्याव्रत पत्रकार संघ द्वारा पौधारोपण एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया।
मंदिर के पुजारी एवं ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष मंदिर परिसर में पौधारोपण किया जाएगा तथा पौधों की देखभाल उनके वृक्ष बनने तक की जाएगी।
कार्यक्रम में थांदला थाना प्रभारी अशोक कनेश, आर्याव्रत पत्रकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट सलीम शेरानी, प्रदेश प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष मनोज पुरोहित एवं जिला अध्यक्ष हरीश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पत्रकार संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वयं फावड़ा चलाकर पौधे लगाए और आमजन को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
थाना प्रभारी अशोक कनेश ने कहा कि बीड़ धाम केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि समाज सुधार का भी केंद्र है। यहां पुजारी द्वारा चलाया जा रहा नशा मुक्ति अभियान पुलिस के लिए भी प्रेरणादायक है। यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो अपराध स्वतः कम होंगे। उन्होंने आर्याव्रत पत्रकार संघ के पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए सामाजिक कार्यों में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला अध्यक्ष हरीश राठौर ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण भी हमारी जिम्मेदारी है। बीड़ धाम जैसे धार्मिक स्थल पर पौधारोपण कर यह संदेश दिया गया है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आर्याव्रत पत्रकार संघ आगे भी ऐसे जनहितकारी सेवा कार्य करता रहेगा।
समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच कैलाश डामोर ने बताया कि खजूरी स्थित बीड़ धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। माताजी के आशीर्वाद से प्रत्येक रविवार हजारों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। पत्रकार संघ द्वारा किया गया पौधारोपण अत्यंत सराहनीय है। इससे मंदिर परिसर हरा-भरा होगा और श्रद्धालुओं को छाया भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि गांव के लोगों ने भी मंदिर परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाए रखने का संकल्प लिया है।
उन्होंने बताया कि बीड़ धाम माताजी की महिमा मध्य प्रदेश, गुजरात और राजस्थान तक प्रसिद्ध है। प्रत्येक रविवार विशेष पूजा-अर्चना होती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
मंदिर के पुजारी कालिया महाराज पिछले कई वर्षों से निःशुल्क रूप से लोगों को शराब एवं अन्य नशे की लत से मुक्त कराने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से सैकड़ों परिवारों का जीवन संवर चुका है और अनेक लोग नशा छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। श्रद्धालु इसे माताजी की कृपा मानते हैं।
कार्यक्रम में पत्रकार साथियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर बीड़ धाम परिसर को स्वच्छ, हरित एवं नशामुक्त समाज के संदेश का केंद्र बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अशोक कनेश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट सलीम शेरानी, प्रदेश प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष मनोज पुरोहित, जिला अध्यक्ष हरीश राठौर, जिला उपाध्यक्ष मोहन परमार, पवन नाहार, पंडित कालिया महाराज, धर्मप्रसाद, वरसिंग गरवाल, मोहन पड़ियार, वीरेन भट्ट, विवेक व्यास, धीरज वाघेला, रमेशचंद्र सोलंकी, उमेश पाटीदार, नीलिमा डाबी, इमरान खान, अर्जुन ठाकुर, पीयूष राठौड़, धूलेसिंह पारगी, बेलू बारिया, काऊ जैन, कुलदीप वर्मा, प्रियांश डाबी, मुकेश मईड़ा, निलेश बारिया, दिनेश पारगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
