शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
पुरानी पेंशन बहाली, निजीकरण के विरोध और टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शिक्षक-कर्मचारियों ने रविवार को गोरखपुर में आरटीओ कार्यालय के सामने बैठक कर आंदोलन की रणनीति तैयार की। बैठक में अटेवा एवं एनएमओपीएस के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बन्धू ने संघर्ष का बिगुल फूंकते हुए घोषणा की कि आगामी 25 सितंबर 2026 को लखनऊ में प्रदेशभर के लाखों शिक्षक और कर्मचारी एकत्र होकर विशाल महारैली में भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुनील कुमार दूबे ने की, जबकि संचालन महामंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह ने किया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन तीन चरणों में आंदोलन को आगे बढ़ाएगा। इसके तहत 10 जुलाई से 15 अगस्त तक जन-जागरूकता अभियान एवं ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 29 अगस्त को जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा निकालकर जिलाधिकारी को मांग पत्र सौंपा जाएगा। आंदोलन के अंतिम चरण में 25 सितंबर को लखनऊ में वृहद रैली आयोजित की जाएगी।
बैठक को जिला उपाध्यक्ष राजकुमार, संतोष पाठक और जिला प्रवक्ता अवनेंद्र कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस दौरान इश्तियाक अहमद, विजय यादव, यादवेन्द्र यादव, मेवा लाल मौर्य, संदीप सिंह, आनंद कुमार, वीरेंद्र प्रसाद, अर्जुन गुप्ता, शिवप्रसाद शर्मा, वरुण दूबे समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी उपस्थित रहे।
