मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

सदस्य हितैषी फैसलों के लिए जानी जाने वाली जिला परिषद कर्मचारी सहकारी पतसंस्था ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6 करोड़ 70 लाख रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। संस्था के अध्यक्ष महेश सोनेकर ने पत्रकार परिषद में बताया कि सदस्यों को राहत देने के उद्देश्य से निदेशक मंडल ने गृह ऋण की वार्षिक ब्याज दर घटाकर 9 प्रतिशत कर दी है।
उन्होंने बताया कि 61 वर्षों से निरंतर प्रगति कर रही संस्था को इस वर्ष भी लेखापरीक्षण (ऑडिट) में ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ है। वर्तमान में संस्था के 10,725 सदस्य हैं और उन्हें सरल, पारदर्शी एवं भरोसेमंद वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
संस्था द्वारा सदस्यों को 50 लाख रुपये तक का गृह ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। आवेदन के तुरंत बाद ऋण राशि सीधे बैंक खाते में जमा की जाती है। अब तक संस्था 237 करोड़ रुपये का ऋण वितरित कर चुकी है। संस्था की शेयर पूंजी 33.96 करोड़ रुपये, आरक्षित निधि 49 करोड़ रुपये तथा जमा राशि 340 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा विभिन्न बैंकों में 180 करोड़ रुपये का निवेश भी किया गया है।
संस्था के यवतमाल, दारव्हा, पुसद और वणी में आधुनिक कार्यालय संचालित हैं, जबकि आर्णी और पांढरकवड़ा में शाखाएं कार्यरत हैं। आम नागरिक भी यहां अपनी जमा राशि रख सकते हैं, जिस पर अधिकतम 10 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दिया जा रहा है।
सामाजिक दायित्वों के तहत संस्था हर वर्ष मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, वृक्षारोपण और गंभीर रूप से बीमार सदस्यों को आर्थिक सहायता प्रदान करती है। पिछले वित्तीय वर्ष में 26 सदस्यों को 3.60 लाख रुपये की सहायता दी गई। वहीं ‘सदस्य परिवार आधार योजना’ के अंतर्गत 18 दिवंगत सदस्यों के परिजनों को 6-6 लाख रुपये तथा डीसीपीएस धारक 10 सदस्यों के वारिसों को 12-12 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस योजना के तहत कुल 2.28 करोड़ रुपये वितरित किए गए। दुर्घटना बीमा योजना के तहत एक सदस्य के वारिस को 30 लाख रुपये का बीमा दावा भी स्वीकृत किया गया।
डिजिटल सेवाओं के विस्तार के तहत संस्था ने आरटीजीएस, एनईएफटी, नेट बैंकिंग और मोबाइल के माध्यम से खाता व ऋण जानकारी सहित ऑनलाइन लेनदेन की सुविधाएं शुरू की हैं। साथ ही रियायती दरों पर लॉकर सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष संजय गावंडे, सचिव संजय विहाडे, निदेशक मुकेश भोयर, शरद घारोड, विनोदकुमार कदम, अशोक चटप, गजानन पोयाम, तुपार आत्राम, नदिम पटेल, प्रदीप मोहटे, अभिजीत ठाकरे, स्वप्नील फुलमाळी, विलास टोंगे, सचिन ठाकरे, तेजस तिवारी, सुनीता गुघाणे, विजया राऊत तथा महाप्रबंधक मारोती राजगडकर मौजूद रहे।
