मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
दमुआ स्थित ग्राम विकास जन एवं जन जागरण एसोसिएशन द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण एसएसओ रमेश भारती ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा तथा वृद्धजनों को प्रदान की जा रही सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया।
रमेश भारती ने संस्था द्वारा निराश्रित एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और उनका सम्मान करना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास समाज में संवेदनशीलता और मानवता का संदेश देते हैं तथा इन्हें निरंतर प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान संस्था के सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। इनमें जसवंत सिंह, मोहम्मद सरफराज, मोहसिन चिश्ती, मोहसिन मलिक, आरिफ अली, रविकांत पाठक, रवि यादव, प्रशांत चंदेलकर, प्रकाश गुलवाके, संस्कार कौशिक एवं मारुति प्रमुख रूप से शामिल रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि वृद्धाश्रम का उद्देश्य निराश्रित एवं जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें।
