पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:
थाना मनावर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को पीड़िता ने थाना मनावर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जून 2026 को उसके परिचित बबलू पिता कैलाश बुंदेला (25 वर्ष), निवासी लवाणी भंडारापुरा, थाना धरमपुरी, हाल निवासी कछादड़ ने शादी का वादा कर उसे जबरन ग्राम खारिया (महेश्वर) ले जाकर एक झोपड़ी में उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना मनावर में अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(1), 64(1), 64(2)(m) एवं 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन तथा एसडीओपी मनावर ब्रजेश मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर आरोपी बबलू बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। आरोपी को 7 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रकरण में बीएनएस की धारा 351(3) भी बढ़ाई गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश यादव, उपनिरीक्षक शरद बर्डे, प्रधान आरक्षक ललित कुमरावत (638) तथा आरक्षक जितेंद्र का विशेष योगदान रहा।
