आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष व मुरादाबाद देहात विधानसभा प्रभारी रवि चौधरी ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज़ कर दिया है। वह लगातार गांव-गांव पहुंचकर जन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे हैं।
रवि चौधरी ने आरोप लगाया कि मुरादाबाद देहात विधानसभा क्षेत्र पिछले 25 वर्षों से विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भी क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध नहीं हैं, जिससे ग्रामीणों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि यह चुनाव विकास और जनहित के मुद्दों पर लड़ा जाएगा। यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो क्षेत्र का समग्र विकास और समस्याओं का त्वरित समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान रवि चौधरी ने देवीपुरा, भोजपुर, धर्मपुर सब्जी मंडी, भोजपुर नगीना मस्जिद और गणेशपुर देवी गांवों का दौरा किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। चौधरी ने संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आगामी चुनाव में विकास, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को ध्यान में रखकर मतदान करें।
