पीआईसी बैठक में विकास कार्यों की सौगात, निर्माण, स्वच्छता और पेयजल समेत सभी प्रमुख प्रस्तावों को मिली मंजूरी | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

नगर पालिका अध्यक्ष की अध्यक्षता में पीआईसी (प्रेसिडेंट-इन-काउंसिल) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों, अस्थायी दखल, पेयजल सप्लाई लाइन की मरम्मत सहित अन्य निविदाओं की दरों पर विचार-विमर्श कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती नेहा धुर्वे ने सभी प्रस्ताव प्रस्तुत किए। विस्तृत चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए।

बैठक में निकाय में कार्यरत दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों को अर्द्धकुशल एवं कुशल श्रेणी का लाभ दिए जाने का निर्णय लिया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अस्थायी दखल शुल्क वसूली की निविदा में निविदाकार की अमानत राशि राजसात कर पुनः निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।

जलापूर्ति व्यवस्था के अंतर्गत पाइप लाइनों की आवश्यक मरम्मत एवं प्रतिस्थापन कार्य की न्यूनतम दर को स्वीकृति दी गई। साथ ही फिल्टर प्लांट एवं रॉ-वॉटर लिंक टैंक में आरसीसी निर्माण कार्य कराने का निर्णय लिया गया।

वार्ड क्रमांक 3 में तामिया रोड से सुनीता आतुलकर के घर तक पेवर ब्लॉक निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 17 में राकेश यदुवंशी के घर से मोक्षधाम तक सीसी रोड निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई।

स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 स्थित सोमाटेकड़ी ट्रेंचिंग ग्राउंड में टीन शेड निर्माण, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लेखन, पेंटिंग एवं पुताई कार्य की सेवा प्रदाय निविदा की न्यूनतम दर, निकाय क्षेत्र के सौंदर्यीकरण कार्य तथा स्वच्छता सामग्री की वार्षिक निविदा को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में एक चलित शौचालय क्रय करने तथा चार स्थानों पर 15-सीटर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का भी निर्णय लिया गया। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के अंतर्गत उपयोगित जल प्रबंधन कार्य के ठेकेदार मैसर्स कालबांडे कंस्ट्रक्शन, छिंदवाड़ा को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई पर भी विचार किया गया।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के आय-व्यय बजट में आवश्यक संशोधन, कायाकल्प 2.0 योजना के अंतर्गत अतिरिक्त निर्माण कार्यों पर होने वाले व्यय की स्वीकृति, वार्ड क्रमांक 13 में गंगल भवन के पास बाउंड्री वॉल निर्माण, फ्लेक्स एवं पोस्टर की वार्षिक निविदा तथा दीनदयाल रसोई केंद्र में कोल्ड स्टोरेज सिस्टम स्थापित करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में अपील समिति सदस्य एवं सभापति संजय जैन, लता टांडेकर, सीमा चौरसिया, लक्ष्मी चंद्रवंशी, नीता करोलिया और अमित यादव सहित नगर पालिका के संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version