मकान मालकिन के घर में चोरी का खुलासा: आरोपी गिरफ्तार, पिघलाए गए जेवर का सोने का टुकड़ा बरामद | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना चौक कोतवाली पुलिस ने मकान मालकिन के घर से जेवर और नकदी चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लगभग 5.60 ग्राम सोने का टुकड़ा बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में एक अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को एक महिला ने थाना चौक कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके किरायेदार समीर, मायशा और शहजाद, निवासी मोहल्ला बिजलीपुरा, उनकी गैरमौजूदगी में घर की अलमारी के लॉकर से ₹8,000 नकद और सोने के जेवर चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना चौक कोतवाली में मुकदमा संख्या 208/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।

मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने समीर पुत्र शहजाद (20 वर्ष) को कान्हा गौशाला के पास हाईवे से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 5.60 ग्राम सोने का टुकड़ा बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस भी बढ़ा दी गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी बहन मायशा के साथ मिलकर मकान मालकिन के लॉकर से असली सोने के जेवर चोरी किए थे और उनकी जगह नकली जेवर रख दिए थे। आरोपी के अनुसार, चोरी किए गए कुछ जेवरों को पिघलाकर यह सोने का टुकड़ा बनाया गया था, जिसे वह बेचने के लिए बाराबंकी जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, शेष जेवरों की जानकारी उसकी बहन मायशा को है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक अजय राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विवेक कुमार, हेड कांस्टेबल मोहम्मद नदीम तथा आरक्षी दीपक ने आरोपी को गिरफ्तार किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version