सिंहस्थ-2028 की तैयारियां तेज: बुरहानपुर पुलिस को सीपीआर, प्राथमिक उपचार और मानसिक स्वास्थ्य का विशेष प्रशिक्षण | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत मध्य प्रदेश के बुरहानपुर पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिसकर्मियों के लिए सीपीआर (CPR), प्राथमिक उपचार, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं तनाव प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित जीवनरक्षक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ मानसिक रूप से सशक्त, तनावमुक्त और संवेदनशील बनाना था।

यह प्रशिक्षण जिला चिकित्सालय बुरहानपुर की सीपीआर एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता प्रशिक्षक श्रीमती सीमा डेविड (मनकक्ष विभाग) तथा सीपीआर प्रशिक्षक नर्सिंग ऑफिसर्स श्रीमती पूजा शर्मा और श्री ग्यारसी लाल द्वारा दिया गया।

प्रशिक्षकों ने बताया कि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में पुलिसकर्मी सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचते हैं। ऐसे में सीपीआर और प्राथमिक उपचार का सही ज्ञान किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए योग, ध्यान, सकारात्मक सोच, तनाव प्रबंधन और संतुलित जीवनशैली अपनाकर पुलिसकर्मी अपनी कार्यक्षमता, निर्णय क्षमता और सेवा की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बना सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों को सीपीआर की व्यावहारिक तकनीकों का प्रदर्शन कराया गया। इसके अलावा मानसिक तनाव की पहचान, उससे बचाव तथा आवश्यकता पड़ने पर समय रहते विशेषज्ञ से परामर्श लेने के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के अंत में यह संदेश दिया गया कि मानसिक रूप से स्वस्थ, प्रशिक्षित और संवेदनशील पुलिसकर्मी ही सुरक्षित समाज और सफल सिंहस्थ-2028 की मजबूत आधारशिला हैं। समय पर दिया गया सीपीआर किसी व्यक्ति के लिए नया जीवन साबित हो सकता है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version