संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

नगर कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष वसीम खान के नेतृत्व में अनूठा विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने वार्ड क्रमांक 6 स्थित रेस्ट हाउस मोहल्ले में खेत जैसी बन चुकी जर्जर सड़क पर धान की रोपाई की। इसके साथ ही अमानगंज-पन्ना मुख्य मार्ग पर पुल के पास लंबे समय से बने गड्ढे का प्रतीकात्मक रूप से तीसरा ‘जन्मदिन’ मनाकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय सांसद विष्णुदत्त शर्मा, विधायक डॉ. राजेश वर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष सारिका खटीक तथा मुख्य नगर परिषद अधिकारी को तंज कसते हुए “बधाई” दी। उनका कहना था कि यदि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों में थोड़ी भी संवेदनशीलता बची है तो गड्ढे को तत्काल भरवाया जाए, अन्यथा कांग्रेस उसी स्थान पर धरना-प्रदर्शन करेगी।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष वसीम खान ने पत्रकारों से चर्चा में बताया कि कांग्रेस ने बारिश शुरू होने से लगभग दो माह पहले नगर परिषद को ज्ञापन देकर मीठे पानी की पाइपलाइन का कार्य शीघ्र पूरा करने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पाइपलाइन के लिए सड़क तो खोद दी गई, लेकिन न पाइपलाइन बिछाई गई और न ही सड़क की मरम्मत की गई, जिससे सड़क पूरी तरह जर्जर हो गई है। इसी के विरोध में धान की रोपाई कर प्रदर्शन किया गया। साथ ही मुख्य मार्ग पर लंबे समय से बने गड्ढे को लेकर कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए उसका प्रतीकात्मक तीसरा ‘जन्मदिन’ मनाया गया।
इस अवसर पर जिला महासचिव रामभगत सोनी, दिनेश पांडे, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष हक्कून दहायत, संगठन प्रभारी पीयूष देव सिंह, धर्मेंद्र अग्रवाल, वीरेंद्र खटीक, अनिल विश्वकर्मा, महाकौशल चौधरी, सजल ताम्रकार, हबीब खान, मुन्ना चौधरी, राजू खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
