शरीफ़ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

सोनभद्र जिला के करमा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात संदिग्ध खाद से लदे एक पिकअप वाहन को पुलिस ने पकड़ लिया। नकली खाद की सूचना पर की गई जांच में वाहन में खाद की बोरियां लदी मिलीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कृषि विभाग को सूचना देकर वाहन उनके सुपुर्द कर दिया।
कृषि विभाग ने पिकअप को अपने कार्यालय परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। कृषि अधिकारी वीरेंद्र कुमार के अनुसार, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि खाद असली है या नकली। इसकी पुष्टि के लिए नमूना प्रयोगशाला भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट 3 से 4 दिनों में आने की संभावना है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सरकार द्वारा खाद वितरण के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं, जिसमें आधार कार्ड और खतौनी के सत्यापन के बाद ही किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाती है, ताकि कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके। इसके बावजूद रात में इस तरह खाद की ढुलाई होना संदेह पैदा करता है।
यदि जांच में अनियमितता या कालाबाजारी की पुष्टि होती है, तो इसे किसानों के हितों के साथ गंभीर खिलवाड़ माना जाएगा। फिलहाल किसानों और आम लोगों की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
