जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन (BMR) प्लान से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना को दीर्घकालिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध, वैज्ञानिक एवं समन्वित दृष्टिकोण के साथ तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि BMR प्लान क्षेत्र के संतुलित, सतत और समग्र विकास का आधार बनेगा, इसलिए प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और व्यापक परामर्श सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन (BMR) के समग्र स्वरूप, परियोजना की प्रस्तावित समय-सीमा तथा विभिन्न कार्य चरणों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। साथ ही क्षेत्र की सीमा निर्धारण प्रक्रिया एवं वर्तमान स्थिति के विश्लेषण पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रस्तुतीकरण के दौरान जनसांख्यिकी, मोबिलिटी एवं परिवहन, अर्थव्यवस्था, पारिस्थितिकी एवं प्राकृतिक संसाधन, भौतिक एवं सामाजिक अधोसंरचना सहित विभिन्न प्रमुख विषयों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। इसके आधार पर कृषि, औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स, शिक्षा तथा पर्यटन जैसे प्राथमिकता वाले क्षेत्रों के लिए संभावित विकास क्षेत्रों की पहचान की गई।
संभागायुक्त श्री शर्मा ने विश्लेषण को और अधिक प्रभावी एवं तथ्यपरक बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि योजना का प्रत्येक घटक क्षेत्र की भविष्य की आवश्यकताओं और विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाए, ताकि इसका क्रियान्वयन अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी हो सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ व्यापक स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि विभिन्न विभागों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को योजना में समाहित कर भोपाल महानगरीय क्षेत्र के समग्र, संतुलित एवं सतत विकास का साझा विजन तैयार किया जा सके।
