रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
नगर पालिका प्रशासन द्वारा चैतन्य मार्ग स्थित धर्मशाला के नीचे संचालित 13 दुकानों के व्यापारियों को दुकानें खाली करने के नोटिस जारी किए गए थे तथा दुकानों को ध्वस्त करने की तैयारी की गई थी। कांग्रेस का आरोप है कि यह कार्रवाई सर्वोच्च न्यायालय के उन निर्देशों के विपरीत है, जिनमें वर्षा ऋतु के दौरान भवनों और अतिक्रमणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं करने की बात कही गई है। साथ ही, कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि परिषद के प्रस्ताव के बिना ही यह निर्णय लिया गया।
व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी ने इस कार्रवाई का विरोध दर्ज कराया और नेता प्रतिपक्ष तथा कांग्रेस पार्षदों से नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन बुलाने की मांग की। इसी क्रम में 6 जुलाई को नगर पालिका परिषद का विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, विधायक प्रतिनिधि एवं कांग्रेस महासचिव निर्मल मेहता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका, पूर्व विधायक जेवियर मेड़ा, कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल, नगर निकाय प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष प्रतीक मेहता, शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौर, रमेश डोशी, बंटू अग्निहोत्री, आशीष भूरिया, नेता प्रतिपक्ष धूमा डामोर, संगठन मंत्री शंकर सिंह भूरिया, पूर्व पार्षद राशिद कुरैशी, बबलू कटारा, वरुण मकवाना, सायरा बानो, वीरेंद्र मोदी सहित वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारियों ने नगर पालिका परिषद के सभी पार्षदों से विशेष सम्मेलन में व्यापारियों के हित में निर्णय लेते हुए उनके पक्ष में प्रस्ताव पारित करने का आह्वान किया है।
