ज़फ़र खान,धारणी/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:

धारणी नगर पंचायत की लापरवाही के चलते धारणी परिसर इन दिनों कचरे के ढेर में तब्दील होता जा रहा है। पिछले कई दिनों से कचरा गाड़ी नहीं आने के कारण मोहल्लों और सड़कों पर गंदगी जमा हो गई है, जिससे स्थानीय लोग भारी परेशानी झेल रहे हैं।
लगातार हो रही बारिश के चलते सड़कों पर पड़ा गीला कचरा सड़ने लगा है, जिससे पूरे क्षेत्र में बदबू फैल गई है। हालात यह हैं कि गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। विशेष रूप से बच्चे और बुजुर्ग इससे प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि एक ओर बारिश का मौसम है, वहीं दूसरी ओर सड़ता हुआ कचरा स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। लोगों ने नगर पंचायत से जल्द से जल्द कचरा गाड़ी नियमित रूप से शुरू कराने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
यदि समय रहते सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
