विवेक जैन, बागपत (यूपी), NIT:
बाबा मोहनराम मंदिर, काली खोली धाम, हलालपुर में धाम के पीठाधिपति धर्मचक्रवर्ती, अनंत श्री विभूषित, अखंड भूमंडलाधीश्वर वल्लभाचार्य जगद्गुरु डॉ. तेजबीर सिंह खोखर महाप्रभु की ज्येष्ठ माह की तपस्या पूर्ण होने के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
संपूर्ण कार्यक्रम अनंत श्री विभूषित ज्योतिष्पीठाधीश्वर, जगद्गुरु शंकराचार्य देवादित्यानंद सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।
सर्वप्रथम बाबा मोहनराम मंदिर, काली खोली धाम, हलालपुर में नित्य पूजन-अर्चन के उपरांत यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने विश्व शांति एवं समस्त मानव कल्याण के लिए आहुतियां अर्पित कीं। इसके बाद भजन-कीर्तन मंडली ने प्रभु की महिमा का भावपूर्ण गुणगान किया।
महाप्रभु डॉ. तेजबीर सिंह खोखर ने जगद्गुरु शंकराचार्य देवादित्यानंद सरस्वती जी महाराज का पूर्ण आदर-सत्कार के साथ स्वागत कर उन्हें गद्दी पर विराजमान कराया। साथ ही आगंतुक अतिथियों का पुष्पमाला, शॉल (चादर) एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मान किया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में जनपद बागपत का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों एवं अन्य सम्मानित व्यक्तियों को भी डॉ. तेजबीर सिंह खोखर ने पुष्पमाला, शॉल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया।
इसके उपरांत धाम परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्री अर्जुन गोविंद गौसेवा परिवार फाउंडेशन, छपरौली के सदस्यों एवं अन्य सहयोगियों की सराहना की गई। कार्यक्रम का संचालन विनोद खेड़ा ने किया।
इस अवसर पर भाकियू नेता राकेश टिकैत, छपरौली विधायक डॉ. अजय कुमार, छपरौली चेयरमैन धर्मेंद्र खोखर, डॉ. मनीष तोमर, कर्नल ब्रह्मपाल सिंह तोमर, इंदु, राजेंद्र सिंह दरोगा, राष्ट्रपति एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, मनमोहन जिंदल, प्रह्लाद, योगाचार्य विशाल भारद्वाज, रामकुमार सिंह, नवीन जिंदल, श्रवण मलिक, सागर सिंह, अंकित शर्मा, नितिन शिवकुमार, राजेंद्र सिंह, विनय मान सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
