सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित शिक्षक-शिक्षिकाओं को भावभीनी विदाई, उत्कृष्ट सेवाओं का किया सम्मान | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

पीएम श्री शासकीय विद्यालय झकनावदा में सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित शिक्षक-शिक्षिकाओं के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने शिक्षकों की वर्षों की सेवाओं, समर्पण और विद्यार्थियों के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनका सम्मान किया।

करीब 30 वर्षों तक दीं सेवाएं

शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिंदाखो-बोरिया में लगभग 30 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शिक्षक सुल्तान सिंह मचार के सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिवार ने उन्हें दुपट्टा, पुष्पमाला, शॉल एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में वक्ताओं ने उनके सेवा काल, अनुशासन, सरल स्वभाव तथा विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानपूर्वक उनके निवास तक विदा किया।

स्थानांतरित शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी दी गई विदाई

इसी अवसर पर स्थानांतरित शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी भावभीनी विदाई दी गई। पीएम श्री विद्यालय झकनावदा में लगभग 23 वर्षों तक विज्ञान विषय का अध्यापन करने वाली शिक्षिका श्रीमती पार्वती चौहान का धार स्थानांतरण होने पर उनका सम्मान किया गया। इसके साथ ही अंग्रेजी एवं कंप्यूटर विषय के शिक्षक संदीप पाटीदार, प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका पूजा कटारे, कन्या प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका मीरा जामोद तथा प्राथमिक विद्यालय सेमलिया की शिक्षिका ममता राजावत के स्थानांतरण पर भी विद्यालय परिवार ने उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदाई दी।

स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट किए

संकुल परिवार द्वारा सभी शिक्षकों को स्मृति-चिह्न एवं उपहार भेंट किए गए। समारोह में उपस्थित शिक्षकों ने सेवानिवृत्त एवं स्थानांतरित शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों तथा विद्यालय के विकास में उनके योगदान को याद किया। भावुक माहौल के बीच विद्यालय परिवार की आंखें नम हो गईं।

विदाई समारोह में व्यक्त किए विचार

स्थानांतरित एवं सेवानिवृत्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने संबोधन में कहा कि झकनावदा केवल उनकी कर्मभूमि ही नहीं, बल्कि उनका परिवार भी रहा है। यहां के विद्यालय परिवार और ग्रामीणों से उन्हें सदैव स्नेह, सहयोग एवं सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि वे झकनावदा की मधुर स्मृतियों को हमेशा अपने हृदय में संजोकर रखेंगे। अंत में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित

समारोह में संकुल प्राचार्य रमेश कुमार चौरसिया, नारायण दास बैरागी, कैलाश कटारा, मोनू सोलंकी, कलावती मकवाना, दिनेश बघेल, हेमेन्द्र कुमार जोशी, श्रीकांत यादव, लक्ष्मी चौधरी, ललिता बर्फा, प्रतिभा सोलंकी, रंजना बर्फा, आरती लच्छेटा, जन शिक्षक सुरेंद्र सिंगाड़, जन शिक्षक दिनेश राठौड़, अरविंद मेड़ा, प्रदीप मेड़ा, नाथूलाल चारण, वर्दीचंद सिंगाड़ सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शत्रुघ्न मालवीय ने किया तथा आभार प्रदर्शन दिनेश बघेल ने किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version