इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

महाराष्ट्र में 1 जुलाई को हर वर्ष कृषि दिवस के रूप में मनाया जाता है। हरित क्रांति के जनक एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसंतराव नाईक की जयंती के अवसर पर मुंबई के वर्ली स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में राज्यस्तरीय कृषि पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 189 प्रगतिशील किसान, महिला किसान, कृषि संस्थाएं और कृषि अधिकारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और कृषि मंत्री दत्तात्रेय भरणे की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान डॉ. पंजाबराव देशमुख कृषिरत्न, वसंतराव नाईक कृषिभूषण, जिजामाता कृषिभूषण तथा युवा किसान पुरस्कार सहित विभिन्न राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य सरकार जलयुक्त शिवार अभियान, जल संरक्षण, नदी जोड़ परियोजनाएं, सौर कृषि पंप, निःशुल्क दिन की बिजली, कृषि यंत्रीकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित कृषि सेवाओं के माध्यम से खेती को आधुनिक, कम लागत वाली और अधिक लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के परिणामस्वरूप हजारों गांवों में सिंचाई व्यवस्था मजबूत हुई है, जिससे कई क्षेत्रों में वर्ष में दो से तीन फसलें लेना संभव हो पाया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि 1 से 7 जुलाई तक मनाए जा रहे कृषि सप्ताह के दौरान किसानों को आधुनिक तकनीकों, नवीन कृषि पद्धतियों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाया जा सके। उन्होंने सूखा-मुक्त महाराष्ट्र के निर्माण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
