नामी ब्रांड के नाम पर नकली बेसन बनाने की आशंका, शाहजहांपुर की दाल मिल पर छापा | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

नामी ब्रांड के नाम पर नकली बेसन बनाने की आशंका, शाहजहांपुर की दाल मिल पर छापा | New India Times

शाहजहांपुर शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित जियाखेल मोहल्ले में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब दिल्ली की एक प्रमुख बेसन कंपनी के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस व प्रशासनिक टीम के साथ एक दाल मिल पर संयुक्त रूप से छापेमारी की। कंपनी को सूचना मिली थी कि उक्त मिल में उसके ब्रांड नाम से कथित रूप से नकली बेसन तैयार कर पैकिंग की जा रही है।
छापेमारी के दौरान टीम ने मिल का मुख्य गेट बंद कर परिसर को सील जैसा कर दिया और अंदर मौजूद कर्मचारियों व मजदूरों को एक स्थान पर बैठाकर पूछताछ की। जांच के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी कब्जे में लेकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। यह कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली, जिसमें पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई से पहले कंपनी अधिकारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की थी। इसके बाद सीओ सिटी, मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मौजूदगी में छापा मारा गया।
हालांकि देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मौके से नकली बेसन या अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है या नहीं। मिल मालिक की मौजूदगी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई व्यापारी व उद्योगपति मौके पर पहुंच गए, लेकिन सुरक्षा कारणों से पुलिस ने किसी को भी मिल परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version