मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

ग्रामीण युवाओं के सपनों, संघर्ष और सफलता को बड़े पर्दे पर उतारने वाली मराठी फिल्म ‘आउट ऑफ सिलेबस… किताबों के परे’ आगामी 3 जुलाई को पूरे महाराष्ट्र में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, दोस्ती, प्रेम, परिवार, प्रकृति संरक्षण और सकारात्मक सोच जैसे विषयों को संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
अदू-तिशू प्रोडक्शंस एंड म्यूजिक के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण डॉ. सुगत ज्ञानेश्वर वाघमारे ने किया है, जबकि निर्देशन नवीन देशबोनिया ने किया है। फिल्म की कहानी, पटकथा और संवाद अनिकेत रामचंद्र कोरडे द्वारा लिखे गए हैं। वहीं, सचिन मनोहरराव ढोकणे ने एआई क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में आधुनिक तकनीक का उपयोग कर फिल्म को नया आयाम दिया है।

फिल्म में अजिंक्य राऊत और अद्वयी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ डॉ. शेषपाल गणवीर, अभिजित रामचंद्र, सानिका तोरस्कर, वरिष्ठ अभिनेता मिलिंद शिंदे और कमलेश सावंत भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते दिखाई देंगे।
फिल्म का संगीत मोहित कुलकर्णी ने तैयार किया है। इसके गीत वैशाली सामंत, अभय जोधपुरकर और गोपाल गावंडे की आवाज में रिकॉर्ड किए गए हैं, जबकि गीतकार मंदार चोलकर ने गीतों को शब्द दिए हैं। छायांकन मनीष केदार व्यास और सुधीर वड्डेल्ली ने किया है, जबकि संपादन अनिल विठ्ठल थोरात ने संभाला है।

फिल्म का वितरण पैनोरमा स्टूडियोज द्वारा किया जा रहा है। निर्माताओं के अनुसार यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिस्पर्धी दौर में ग्रामीण युवाओं की आकांक्षाओं, चुनौतियों और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी देती है।
निर्माताओं ने दर्शकों से अपील की है कि वे 3 जुलाई से अपने नजदीकी सिनेमाघरों में जाकर इस प्रेरणादायक फिल्म का आनंद लें।
