राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
राजोला पंप के पास स्थित ‘खुशी चाय, पान एवं नाश्ता’ दुकान में देर रात गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पंप संचालक राजू साहू ने नगर पालिका अध्यक्ष के निज सहायक राजा गुप्ता को फोन किया। वहीं नगर कांग्रेस अध्यक्ष गौरव पांडेय ने तत्काल देवरी थाना प्रभारी और फायर ब्रिगेड को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलते ही राजा गुप्ता मौके पर पहुंचे और जसवंत रजक के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड भी पहुंच गई। फायर ब्रिगेड चालक बबलू प्रजापति और जमील खान की मदद से आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की दुकानों तक आग फैलने से रोक लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि इस आगजनी में दुकान का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
