अहमद रज़ा खान, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
मुहर्रम के तीजे के अवसर पर चुनार स्थित ऐतिहासिक दरगाह परिसर में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे परिसर में ‘या अली, या हुसैन’ के गगनभेदी नारे गूंजते रहे और माहौल पूरी तरह गमगीन श्रद्धा व जोश से सराबोर नजर आया।
इस मौके पर पारंपरिक अखाड़े का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शामिल युवाओं ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खिलाड़ियों ने बनेठी घुमाने से लेकर आग के गोलों के साथ खतरनाक प्रदर्शन किए, जिन्हें देखकर दर्शक दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए। हर सफल करतब के बाद पूरा परिसर ‘या हुसैन’ के नारों से गूंज उठता रहा।
आयोजन के दौरान गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत मिसाल भी देखने को मिली। मुहर्रम के इस कार्यक्रम में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर भागीदारी की और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक सतर्कता के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ, जिसकी लोगों ने सराहना की।
