वरणगांव की विकास कॉलोनी में नई जलापूर्ति पाइपलाइन शुरू करने की मांग, ज्ञापन सौंप आंदोलन की चेतावनी | New India Times

इमरान खान, भुसावल/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

तहसील भुसावल अंतर्गत विकास कॉलोनी में करीब डेढ़ वर्ष पहले बिछाई गई नई जलापूर्ति पाइपलाइन का कार्य पूरा हो चुका है। लगभग एक वर्ष पहले नए नल कनेक्शन भी दिए गए थे, लेकिन अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं होने से स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पदाधिकारियों ने नगर परिषद के मुख्याधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नई पाइपलाइन तत्काल शुरू करने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि अनेक नागरिकों ने नए नल कनेक्शन के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर दिया है, लेकिन उन्हें अब तक योजना का लाभ नहीं मिल सका है। वहीं, कई परिवारों को अभी तक नए नल कनेक्शन भी उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इससे नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है और उन्हें पेयजल की समस्या के कारण रोजमर्रा के जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पार्टी की ओर से मांग की गई है कि नई पाइपलाइन को शीघ्र चालू कर विकास कॉलोनी में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जिन नागरिकों को अब तक नए नल कनेक्शन नहीं मिले हैं, उन्हें तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द उचित कार्रवाई नहीं की गई तो राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) स्थानीय नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।

इस अवसर पर युवक जिला उपाध्यक्ष डॉ. अहसान अहमद, शहर अध्यक्ष राहुल जोहरे, अल्पसंख्यक तालुका कार्याध्यक्ष जुनैद शाह, युवक शहर अध्यक्ष कुलदीप देशमुख, शाहरुख खान, पप्पू जकातदार, परवेज जकातदार, रिजवान शेख, जाविद शेख सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विकास कॉलोनी के नागरिक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version