वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
पसगवां थाना क्षेत्र की बरवर पुलिस चौकी अंतर्गत एक मोहल्ले में सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गई नाबालिग किशोरी के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी का हाथ पकड़कर उसके साथ अशोभनीय हरकत की। विरोध करने पर पीड़ित परिवार को गालियां दी गईं, लाठी-डंडों से मारने की कोशिश की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित पिता ने बताया कि 26 जून की रात करीब 9 बजे उनकी नाबालिग बेटी बरवर मेन मार्केट स्थित सरकारी हैंडपंप से पानी भरने गई थी। आरोप है कि उसी दौरान कस्बा बरवर निवासी एक युवक ने उसका हाथ जबरन पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। किशोरी के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी पिछले कई दिनों से उनकी बेटी को आते-जाते परेशान कर रहा था। लोक-लाज के कारण परिवार अब तक चुप था, लेकिन इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि जब वह आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो आरोपी और उसके परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की, गालियां दीं तथा लाठी-डंडे लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया। साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि प्रारंभ में पुलिस ने मामले में गंभीरता नहीं दिखाई। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना पसगवां का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली।
पीड़ित पिता ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
