गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:
अंतर्राष्ट्रीय नशा निवारण दिवस के अवसर पर जन पंचायत गोहद, नशा मुक्ति केंद्र मालनपुर एवं ब्रह्माकुमारीज संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीईओ रामपाल बघेल उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रामपाल बघेल ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करना होगा। उन्होंने सभी से नशा न करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज संस्थान मालनपुर की संचालिका ब्रह्माकुमारी ज्योति बहन ने अध्यात्म और योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाकर ही व्यक्ति तनाव, क्रोध और व्यसन से मुक्त रह सकता है। उन्होंने लोगों से अध्यात्म के प्रति जागरूक होने की अपील की।
नशा मुक्ति केंद्र मालनपुर के वेद प्रकाश परमार ने बताया कि उनके केंद्र में नशे से पीड़ित लोगों का उपचार कर उन्हें नई जिंदगी दी जाती है। उन्होंने समाज से अपील की कि नशा मुक्ति अभियान में सभी लोग सक्रिय सहयोग दें।
कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह, बेणीराम सागर, सत्यवान गुर्जर, मनोज, रितु (स्वच्छता अधिकारी) सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में ब्रह्माकुमार महेश भाई ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इसके पश्चात नगर में रैली निकालकर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
