मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव के अंतर्गत ग्राम पंचायत डुंगरिया के वार्ड नंबर-2 में गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन की टक्कर से एक बंदर के शावक की मौत हो गई।
डुंगरिया की सरपंच सरिता धुर्वे के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:00 बजे जीएम ऑफिस की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन डुंगरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन ने सड़क पार कर रहे बंदर के शावक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शावक के शव के आसपास पत्थर और कपड़ा रख दिया, ताकि गुजरने वाले अन्य वाहनों से शव को कोई नुकसान न पहुंचे। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने के लगभग दो घंटे बाद, सुबह करीब 8:00 बजे वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बंदर के शव को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार दफना दिया।
