वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
थाना मैलानी पुलिस ने ट्रॉली चोरी की सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई ट्रॉली के साथ एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक खीरी के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मैलानी पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली। जानकारी के अनुसार, 24 जून को ट्रॉली चोरी के संबंध में थाना मैलानी में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की।
गुरुवार को पुलिस ने गाड़ीघाट वन विभाग बैरियर से जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान इस्लाम पुत्र स्वर्गीय साबिर निवासी सकरापुर, थाना पुवायां (जनपद शाहजहांपुर) तथा फहीम पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद सलीम निवासी वार्ड संख्या-11, कस्बा मैलानी के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई ट्रॉली बरामद कर ली। वहीं इस्लाम के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने चोरी के मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हिमांशु, कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल नितिन कुमार तथा रिक्रूट कांस्टेबल अरुण कुमार शामिल रहे।
मैलानी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में हड़कंप है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है।
