प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान: 39 गर्भवती महिलाओं की जांच, 13 हाई-रिस्क गर्भावस्थाओं की पहचान | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में आयोजित प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत 39 गर्भवती महिलाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 13 महिलाओं को उच्च जोखिम (हाई-रिस्क) गर्भावस्था श्रेणी में चिन्हित किया गया। इन महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने के लिए विशेष चिकित्सकीय परामर्श एवं नियमित निगरानी संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य जांच के साथ वर्षा ऋतु में होने वाले संक्रमण, जलजनित रोगों तथा अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव की जानकारी भी दी गई। माताओं एवं उनके परिजनों को संतुलित आहार, आयरन-फोलिक एसिड एवं कैल्शियम के नियमित सेवन, स्वच्छता, मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड तथा समय-समय पर प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

इस अवसर पर प्रसव पूर्व सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 08047093146, प्रसवोत्तर माता एवं नवजात शिशु देखभाल हेतु 08047093147, सुमन हेल्पलाइन 9098640869, सुमन सखी व्हाट्सएप सेवा 9779005942, टेली-मानस 14416 तथा मानसिक एवं भावनात्मक सहयोग के लिए मनहित ऐप की जानकारी फ्लिपकार्ड एवं पंपलेट के माध्यम से उपलब्ध कराई गई।

यह गतिविधियां केयर कंपेनियन प्रोग्राम (CCP), पीएमएच एवं एफसीपी के माध्यम से संचालित की गईं। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बुरहानपुर तथा सिविल सर्जन-सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रेहाना मुफज्जल बोहरा एवं डॉ. पूनम सिंघाल, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सीमा डेविड, ज्योति नागले, सोनाली कामले, निकिता, रश्मि, आशा कार्यकर्ता बहनों तथा गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों की सक्रिय सहभागिता रही।

अभियान का उद्देश्य मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना, गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं की समय पर पहचान एवं रोकथाम करना तथा प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव और स्वस्थ शिशु का अधिकार सुनिश्चित करना है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version