मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जनपद पंचायत जुन्नारदेव के सभाकक्ष में सचिवों एवं रोजगार सहायकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रश्मि चौहान ने की। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न जनहितैषी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी सचिवों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक के प्रमुख निर्देश एवं समीक्षा के मुख्य बिंदु:
एसआईआर (SIR) एवं जी-रामजी योजना:
सीईओ ने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि अपने-अपने पोर्टल पर प्रस्तावित निर्माण कार्यों को तत्काल अपलोड करें। साथ ही एसआईआर डेटा में दर्ज त्रुटिपूर्ण नामों का सुधार कर अद्यतन सूची प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना:
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अधूरे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मनरेगा (MGNREGA):
मनरेगा के तहत लंबित एवं अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के लिए कहा गया।
स्वच्छ भारत मिशन:
ब्लॉक समन्वयक अधिकारी सुनीता सिंह ने स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में कचरा संग्रहण करने वाले (वेस्ट पिकर्स) श्रमिकों का विवरण पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य है, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके।
लापरवाही पर सख्त चेतावनी
बैठक के दौरान पंचायतवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ रश्मि चौहान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से एसआईआर से संबंधित सभी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी सचिवों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए सक्रियता से कार्य करने की हिदायत दी गई।
बैठक में तहसीलदार, जनपद पंचायत की सीईओ रश्मि चौहान, ब्लॉक समन्वयक अधिकारी सुनीता सिंह, सभी उपयंत्री एवं जनपद पंचायत का स्टाफ उपस्थित रहा।
