मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि जनपद में मोहर्रम पर्व के तहत 25, 26 और 27 जून को विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों से भी जुलूस गुजरते हैं, इसलिए विशेष सतर्कता और प्रभावी निगरानी बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि मोहर्रम के अवसर पर विभिन्न स्थानों एवं घरों में ताजिए स्थापित किए जाते हैं, जिन्हें बाद में जुलूस के रूप में स्थानीय कर्बला तक ले जाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सुपुर्द-ए-खाक किया जाता है। पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों की थानावार ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा उनकी पूर्व जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर विद्युत तारों को आवश्यकता अनुसार ऊंचा कराने के लिए कहा गया। नगर निगम अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा मार्ग में पड़े ईंट, पत्थर और अन्य अवरोधों को समय रहते हटाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए हाईवे तथा मुख्य मार्गों से लगभग 500 मीटर पहले बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर देवेंद्र कुमार ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, उप जिलाधिकारी सदर संजय पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर देवव्रत बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
