मदद कर्मचारी कल्याण कोष योजना से 11 शिक्षकों के परिवारों को मिला ₹3 करोड़ 25 लाख का सहयोग | New India Times

रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

मदद कर्मचारी कल्याण कोष योजना से 11 शिक्षकों के परिवारों को मिला ₹3 करोड़ 25 लाख का सहयोग | New India Times

प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक (पीएमयूएम) शिक्षक संघ द्वारा संचालित कर्मचारी कल्याण कोष योजना के अंतर्गत अब तक मध्यप्रदेश के 11 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को कुल ₹3 करोड़ 25 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।

जून माह में योजना के तहत चार दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को एक साथ आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। संगठन द्वारा प्रति सदस्य ₹45 की सहयोग राशि निर्धारित की गई थी। चार परिवारों के लिए प्रत्येक पंजीकृत सदस्य ने ₹180 का सहयोग दिया, जिससे लगभग ₹1 करोड़ 9 लाख की सहायता राशि एकत्रित हुई।

पीएमयूएम शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष भंगुसिंह तोमर ने बताया कि जून माह में चार दिवंगत शिक्षकों के नामांकित (नॉमिनी) के बैंक खातों में सीधे सहायता राशि भेजी गई। इनमें स्वर्गीय चंद्र प्रकाश जोशी (देवास), श्याम किशोर सोनी (बैतूल), कृष्ण कुमार करडे (बालाघाट) तथा अमित असाटी (दमोह) के परिवारों को ₹27-27 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

श्री तोमर ने बताया कि इस योजना में मध्यप्रदेश के शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के कर्मचारी और शिक्षक निःशुल्क पंजीयन कराकर जुड़ सकते हैं। योजना के अंतर्गत पंजीकृत सदस्य के असामयिक निधन की स्थिति में, यदि उसने निर्धारित समय तक सहयोग राशि जमा की है तथा पात्रता की शर्तें पूरी करता है, तो संगठन द्वारा निर्धारित सहायता राशि सीधे उसके नामांकित परिजन के बैंक खाते में भेजी जाती है। इससे पारदर्शिता बनी रहती है और सहायता राशि सीधे जरूरतमंद परिवार तक पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी कल्याण कोष योजना शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के कर्मचारियों के परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य परिवार के मुखिया के असमय निधन के बाद परिजनों को आर्थिक कठिनाइयों से उबारना है।

पीएमयूएम शिक्षक संघ के जिला आईटी सेल प्रभारी लक्ष्मी नारायण राठौड़ ने कहा कि यह योजना समाज में पारस्परिक सहयोग, संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा एक-दूसरे के प्रति अपनत्व की भावना को और अधिक मजबूत करेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version