मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संयुक्त कार्यालय के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण मंगलवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने शिलापट्ट का अनावरण एवं फीता काटकर किया।
लोकार्पण के उपरांत जिलाधिकारी ने नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धारित कार्यालय का निरीक्षण कर कराए गए कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय परिसर में विकसित आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कार्य वातावरण की सराहना करते हुए संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त कार्यस्थल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें बेहतर ढंग से कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि कार्यालयों का बेहतर वातावरण आमजन को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, सहायक नजीर द्वीपेश द्विवेदी, नजीर सदर आर्येंद्र सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
