राकेश यादव, सागर (मप्र), NIT:
मोतीनगर थाना क्षेत्र में बीते माह हुए चर्चित मयंक साहू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के मुख्य आरोपी यश सोनी उर्फ चूहा को उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी घटना के बाद से फरार था और पिछले एक महीने से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद ली गई। लगातार निगरानी के बाद उसकी लोकेशन ट्रेस कर टीम ने उसे ललितपुर से दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त देशी कट्टा भी बरामद किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इस हत्याकांड के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठ रही थी। मुख्य आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पुलिस अधीक्षक सागर के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
