वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
जनपद के विकास खंड सदर क्षेत्र से विकास के दावों की पोल खोलती एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत सलेमपुर कोन के अंतर्गत अमर विहार कॉलोनी के पीछे बसे नए मोहल्ले में मात्र 70 मीटर की कच्ची सड़क के निर्माण न होने से करीब 100 परिवारों का जीवन कठिन हो गया है। सड़क पर जलभराव, कीचड़ और गंदगी के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को अब संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी डर सताने लगा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, उनके घरों तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता पूरी तरह कच्चा है। हल्की बारिश होते ही सड़क और घरों के सामने पानी भर जाता है। जलभराव के कारण एक गरीब परिवार का मकान भी क्षतिग्रस्त होकर गिरने की कगार पर पहुंच गया है। चारों ओर फैली कीचड़ के चलते बुजुर्ग, महिलाएं और स्कूली बच्चे आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम विकास अधिकारी, सचिव और ग्राम प्रधान से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि विकास के बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। आधुनिक दौर में भी इस मोहल्ले के लोग एक बुनियादी सड़क और नाली जैसी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
