राकेश यादव, देवरी/सागर (मप्र), NIT:
सागर में फिल्मी अंदाज में सराफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस ने शहर में जुलूस भी निकाला, जबकि दो आरोपी अभी भी फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, मोतीनगर थाना क्षेत्र के गुलाब बाबा मंदिर के पास सराफा व्यापारी मनीष सोनी अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी ऑटो में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू की नोक पर उन्हें धमकाते हुए 35 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मोतीनगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कई टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने बालाजी मंदिर क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट से जुड़े अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं। वहीं वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का शहर में जुलूस निकालकर उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में सख्त संदेश गया है।
