स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विकसित भारत के लिए सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर दिया गया ज़ोर | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में हिंदी एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “जन-जागरूकता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार” विषय पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन तक पहुंचाकर उनके प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम के संरक्षक एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा डिजिटल सेवाओं से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी के अभाव में समाज का समग्र विकास प्रभावित होता है। इसलिए इन योजनाओं के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि विकसित भारत के संकल्प को शीघ्र साकार किया जा सके।

मुख्य अतिथि एवं भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. शिशिर शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और लाभ की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने तथा जरूरतमंद लोगों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “जन-जागरूकता ही जनकल्याण की कुंजी है।”

कला संकाय के अध्यक्ष प्रो. आलोक मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को समाज में जागरूकता के वाहक बनना चाहिए तथा अपने आसपास के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि जन-जागरूकता के माध्यम से ही समावेशी विकास और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. बलवीर शर्मा ने किया, जबकि अंत में डॉ. प्रमोद यादव ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. सुजीत कुमार वर्मा, डॉ. व्याख्या सक्सेना, संजय कुमार, शोभित शांख्यधर, आदर्श शुक्ला, रश्मि, नेहा तिवारी, कशिश पांडेय, अभिलाषा सागर, काजल, उमाशंकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version