रफीक़ आलम, दमुआ/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

दमुआ नगर में गहराते पेयजल संकट को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं ने नगर पालिका परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी अजय ठाकरे को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र जल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेश नागले के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि दमुआ के अधिकांश वार्डों में नागरिकों को न तो नियमित रूप से पानी मिल रहा है और न ही फिल्टर युक्त पेयजल उपलब्ध हो पा रहा है। इसके कारण लोगों को पीने के पानी सहित दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नगर में पर्याप्त और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो पार्टी धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगी। ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकर्ताओं ने “नल टैक्स पूरा लेते हो, पानी आधा देते हो” जैसे नारे लगाकर विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीतू गांधी, पर्यवेक्षक छोटू पाठक, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुभाष गुलबाके, विनोद निरापुरे, भोलू सिंह ठाकुर, लखन पंडोले, ओ.पी. सोनी, मनोज ठाकुर सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी भी उपस्थित रहीं।
