मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

आदिवासी अंचल जुन्नारदेव में स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में उन्नत करने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। इस संबंध में भाजपा नगर मंडल के कोषाध्यक्ष मनीष ‘बंटी’ साहू ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं से अवगत कराया है।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि जुन्नारदेव क्षेत्र की अधिकांश जनता शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं पर ही निर्भर है। यहां निजी अस्पताल, नर्सिंग होम या विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण आदिवासी बहुल क्षेत्र के गरीब, मजदूर और किसान वर्ग को इलाज के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मनीष साहू ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि क्षेत्र की जरूरतों को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को सिविल अस्पताल में तब्दील किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इस मांग पर शीघ्र संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करेंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।
