अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
भागलपुर-दुमका मुख्य मार्ग पर स्थित शराब फैक्ट्री के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रजौन से आ रही एक ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र अंतर्गत धनसार गांव निवासी सूरज कुमार यादव (उम्र 14 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल सूरज को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जगदीशपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन जगदीशपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां बेटे का शव देख उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के पिता विजय यादव ने बताया कि सूरज घर से कुछ सामान लेने के लिए जगदीशपुर जा रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
बताया जाता है कि मृतक अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था।
घटना की सूचना पर जगदीशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना के एसआई अमन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रजौन थाना को भी सूचित कर दिया गया है।

