मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यूनिवर्सल यूनिटी फाउंडेशन एवं अंबोली टूरिज्म के संयुक्त तत्वावधान में ठाणे में “सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व पुरस्कार सम्मान समारोह-2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
समारोह का शुभारंभ तुलसी के पौधे को जल अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर यूनिवर्सल यूनिटी फाउंडेशन के अध्यक्ष बी. आर. खरात, अंबोली टूरिज्म के निर्णय राऊत, गणपतराव शेंडे, दिगंबर गरुड, हास्य अभिनेता दिलीप केदारे, अभिनेत्री राजश्री गोरे एवं डॉ. गणेश नाईक सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. गणेश नाईक ने पर्यावरण और स्वास्थ्य के महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में कला, साहित्य, सामाजिक सेवा, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रतिभागियों को “यूनिवर्सल यूनिटी पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। गुजरात, मध्य प्रदेश, गोवा और कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभागियों ने समारोह में सहभागिता की।
यवतमाल के प्रसिद्ध शायर बेताब को उनके साहित्यिक योगदान के लिए “यूनिवर्सल जीवन गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। उनका नाम घोषित होते ही सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा। शायर बेताब इससे पूर्व भी महाराष्ट्र साई पद्मश्री सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं और शायरी के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं।
इसी अवसर पर यवतमाल की वरिष्ठ कवयित्री मनीषा कांबळे को “सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। उनकी अनुपस्थिति में यह सम्मान शायर बेताब ने उनके प्रतिनिधि के रूप में ग्रहण किया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना बी. आर. खरात ने रखी, जबकि संचालन नरेंद्र चव्हाण ने किया। आयोजन सफल एवं यादगार रहा, जिसमें उपस्थित लोगों ने सम्मानित प्रतिभाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
