हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
सोनभद्र जिला के विकास खंड करमा के कसया कला और कसया खुर्द गांव में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना जमीनी स्तर पर फेल होती नज़र आ रही है। गांव में लगाए गए नलों से पानी आने के बजाय सड़क के अंदर से पानी बह रहा है, जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, कसया-ऊंचडीह प्रधानमंत्री सड़क के दोनों किनारों पर लगी जल योजना की टोटियां क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इसके कारण पानी पाइपलाइन से रिसकर सड़क के नीचे से बाहर निकल रहा है। हालात यह हैं कि बस्ती के लोग सड़क किनारे गड्ढा बनाकर इसी बहते पानी का उपयोग अपनी दिनचर्या के लिए कर रहे हैं।
गीता भारती, राम वृक्ष यादव, पुसी यादव, कल्लू विश्वकर्मा, श्याम लाल यादव, निरहुआ और गेना भारती सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि उमस भरी गर्मी में बच्चे इसी पानी से स्नान कर रहे हैं। योजना का लाभ घरों तक नहीं पहुंच पा रहा, जिससे लोगों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई हर घर जल योजना कागजों में ही सफल दिख रही है, जबकि जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। घर-घर लगे नल शोपीस बनकर रह गए हैं और पानी बेकार बह रहा है। साथ ही, सड़क के नीचे से लगातार पानी निकलने से प्रधानमंत्री सड़क के क्षतिग्रस्त होने का भी खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या की ओर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित करते हुए जल्द समाधान की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में आने वाले प्रभारी मंत्री से भी इस मुद्दे पर कार्रवाई की उम्मीद जताई।

