मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत खापा स्वामी स्थित जीएम ऑफिस रेलवे गेट के पास हिरदागढ़ मार्ग पर ग्राम घाना खेड़ा में उस समय यातायात बाधित हो गया, जब पाइप धोने वाला एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर तिरछा खड़ा हो गया। घटना के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली के तिरछा हो जाने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। लेकिन बाइक सवारों को जोखिम उठाते हुए खेतों के रास्ते निकलना पड़ा, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही।
काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका। घटना के दौरान कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
